जल शक्ति विभाग शारदा नदी के कारण उत्पन्न बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए इस नदी को चैनेलाइज करने जा रहा
07 किलोमीटर लम्बे चैनल के निर्माण से किसानों के खेत बचेंगे और बाढ़ से बस्ती भी बचेगी
नदी के चैनेलाइजेशन से लगभग 400 बाढ़ प्रभावित गांवों की ढाई लाख से अधिक की आबादी को राहत प्राप्त होगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने पहलगाम, जम्मू कश्मीर के आतंकी हमले में दिवंगत लोगां को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सभ्य समाज में आतंकवाद व अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। भारत का सेवा, सुरक्षा और सुशासन का मॉडल विकास, गरीब कल्याण व सभी की सुरक्षा पर आधारित है। यदि कोई सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस करेगा, तो वह जिस भाषा में समझेगा जीरो टॉलरेंस नीति के अन्तर्गत यह नया भारत उसे उसी भाषा में समझाने को तैयार है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नया भारत किसी को बेवजह नहीं छेड़ता, लेकिन यदि कोई इसे छेड़ेगा, तो अब यह उसको छोड़ेगा भी नहीं।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद लखीमपुर खीरी के पलिया क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण की अभिनव पहल शारदा नदी के चैनेलाइजेशन कार्य का निरीक्षण करने के उपरान्त इस अवसर पर आयोजित जनसभा में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 358 समूहों को रिवॉल्विंग फण्ड तथा 882 समूहों को सी0आई0एफ0 के तौर पर 14 करोड़ 30 लाख 40 हजार रुपये के डेमो चेक, सब-मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत 03 लाभार्थियों को टै्रक्टर व मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 05 लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के 06 लाभार्थियों को कुल 28 लाख 63 हजार रुपये की ऋण राशि के डेमो चेक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार आपके स्वावलम्बन, सुरक्षा, सेवा तथा गरीबों के कल्याण पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदशन में जीरो टॉलरेंस नीति के अन्तर्गत प्रदेश को माफिया, अराजकता तथा दंगां से मुक्त किया गया। उत्तर प्रदेश को विकास की प्रक्रिया के साथ तेजी से उभरते हुए राज्य तथा देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया गया है। अब यहां के युवाओं के सामने पहचान का संकट नहीं है। अब यह आधुनिक अवसंरचना वाला प्रदेश है। यहां वर्ल्डक्लास हाई-वे तथा एक्सप्रेस-वे का संजाल है। रेलवे का बेहतरीन नेटवर्क है। देश की पहली रैपिड रेल तथा इनलैण्ड वॉटर-वे भी उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं। प्रदेश में सर्वाधिक शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नये भारत का नया उत्तर प्रदेश बीमारी तथा बाढ़ जैसी समस्याओं का समाधान करने के लिए निरन्तर आगे बढ़ रहा है। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जल शक्ति विभाग शारदा नदी के कारण उत्पन्न बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए इस नदी को चैनेलाइज करने जा रहा है। 07 किलोमीटर लम्बे चैनल का निर्माण किया जा रहा है, जिससे किसानों के खेत भी बचेंगे और बाढ़ से बस्ती भी बचेगी। नदी के चैनेलाइजेशन से लगभग 400 बाढ़ प्रभावित गांवों की ढाई लाख से अधिक की आबादी को राहत प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार जो धनराशि खर्च करती है, यह जनता जनार्दन का धन है। इसका सदुपयोग किया जाना चाहिए। पहले प्रदेश सरकार को 180 करोड़ रुपये की लागत से तटबन्ध बनाने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ था। मिट्टी के तटबन्ध से शारदा नदी के 03 लाख क्यूसेक पानी को रोकना सम्भव नहीं था। साथ ही, इस कार्य में अधिक धनराशि भी खर्च हो रही थी। नदी को चैनेलाइज करने में मात्र 22 करोड़ रुपये का खर्च आएगा तथा समस्या का स्थायी समाधान भी निकलेगा। इस कार्य को 10 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्षाकाल में अब पानी पलिया, निघासन तथा लखीमपुर खीरी की ओर नहीं जाएगा। किसानों की फसल, पशु व घर बचेंगे तथा व स्वयं भी सुरक्षित होंगे। जन व धन की हानि रुकेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लखीमपुर खीरी आज विकास की नई ऊंचाईयों को प्राप्त कर रहा है। यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो चुका है। यहां दुधवा नेशनल पार्क भी स्थित है। यहां की पर्यटन सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार एक बैठक करने जा रही है। यहां एयरपोर्ट की सम्भावनाओं पर विचार किया जा रहा है। इस कार्य के लिए धनराशि की व्यवस्था की जा चुकी है। एयरपोर्ट को जल प्लावन आदि समस्याओं से बचाने के लिए अनेक कार्य चल रहे हैं, इसी क्रम में आज इन कार्यों के साथ-साथ सुहेली नदी के ड्रेजिंग कार्य का निरीक्षण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अन्नदाता किसान, युवा तथा बहन-बेटियां डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता हैं। प्रदेश सरकार के कार्यकाल की शुरूआत किसान की कर्ज माफी से हुई थी। प्रत्येक किसान को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को किसानों के शोषण की इजाजत नहीं दी जाएगी। वर्ष 2017 से पूर्व 10-10 वर्षों तक गन्ना मूल्य का भुगतान बकाया रहता था। अब किसानों को समय से गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में चल रहीं 122 चीनी मिलों में से 105 चीनी मिलें 01 सप्ताह के अन्दर चीनी मूल्य का भुगतान कर रही हैं। शेष चीनी मिलों की लेट-लतीफी का समाधान निकाला जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा सेक्योर ज्वाइंट एकाउण्ट खोला गया है। चीनी की बिक्री होने पर पहले किसान के पास धनराशि जाएगी। इसके पश्चात चीनी मिल मालिक को धनराशि प्राप्त होगी। यदि चीनी मिल मालिक कोई आना-कानी करेगा, तो चीनी मिल की नीलामी कर किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज यहां किसानों को डबल इंजन सरकार की सब्सिडी योजना के अन्तर्गत ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरण वितरित किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत युवाओं को 05 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से युवा ट्रेनिंग प्राप्त कर अपना उद्यम स्थापित कर सकते हैं। यहां के युवाओं को भी इस योजना से आच्छादित किया जा रहा है। महिला स्वयं सेवी समूहों को धनराशि उपलब्ध करवाकर प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अक्षय तृतीया आने वाली है। 30 अप्रैल को भगवान परशुराम की पावन जयन्ती है। यह तिथि सनातन धर्म में पवित्र तिथि के रूप में मानी गई है। अक्षय अर्थात जिसका क्षय न हो। हमारा घर और परिवार धन-धान्य से परिपूर्ण हो। छोटी काशी में काशी की तर्ज पर कॉरिडोर का निर्माण कर बाबा गोला गोकर्णनाथ के पावन पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। जब गोला गोकर्णनाथ तथा दुधवा का विकास होगा, तो यह लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने का कार्य करेंगे। रोजगार की सम्भावनाएं बढ़ेंगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि किसान खेतों से अपनी फसलों को काट चुके हैं। फसलों के अवशेष पर आग न लगाकर किसानों को भूसा बैंक बनाना चाहिए। भूसे में हरा चारा तथा चोकर मिलाकर खिलाने से आपको गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त होगा। गाय के दूध से आप और आपके बच्चे हृष्ट-पुष्ट होंगे। हृष्ट-पुष्ट बच्चे सीमा पर दुश्मन के दांत खट्टे करने में समर्थ हो जाएंगे।
कार्यक्रम में जनपद लखीमपुर खीरी के विकास से सम्बन्धित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह तथा विधायक श्री हरविन्दर कुमार साहनी उर्फ रोमी साहनी ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नितिन अग्रवाल, विधायक श्री सौरभ सिंह ‘सोनू’, श्री शशांक वर्मा, श्री विनोद शंकर अवस्थी, श्री लोकेन्द्र प्रताप सिंह, श्री योगेश वर्मा, श्रीमती मंजू त्यागी तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।