May 17, 2025 11:55 am

उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव साबित होगा- अखिलेश यादव 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव साबित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के मद में चूर है। भाजपा और आरएसएस का षड्यंत्रकारी एजेंडा समाज में नफरत फैलाकर चुनाव जीतना है। भाजपा-आरएसएस के एजेंडा को ध्वस्त करने की मुख्य जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी के युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं की होगी।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि षडयंत्रकारी भाजपा की रणनीति और उसके अवैध कार्यों पर पैनी नज़र रखते हुए समाजवादी पार्टी के युवाओं को पूरी ताकत से मुकाबला करना है। समाजवादी पार्टी के युवा नेता और कार्यकर्ता अभी से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पूरी ताकत से जुटकर भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए बूथस्तर तक लोगों को जोड़ने का काम करें।

श्री अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ के डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों तथा प्रमुख नेताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री किरनमय नंदा, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद श्री संजय लाठर सहित समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहद तथा प्रदेश अध्यक्ष श्री अरविन्द गिरि भी मौजूद रहे।

श्री यादव ने इस बात पर जोर दिया कि प्रदेश में शिक्षा का राजनीतिकरण किया जा रहा है। निजीकरण से शिक्षा महंगी होती जा रही है। फीस की वृद्धि से गरीब छात्र पढ़ नहीं पा रहे है। योग्यता के अनुसार नौकरी नहीं मिल रही है। भाजपा ने युवाओं को डिलीवरी ब्वॉय बना दिया है। बेरोजगारी बेलगाम है। आउटसोर्स के जरिए नौकरी के अवसर छीने जा रहे हैं। 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण नहीं दिया गया। शिक्षामित्र आत्महत्या कर रहे है। भाजपा-आरएसएस समाज में नफरत फैलाकर युवाओं को गुमराह कर रही है जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। समाजवादी पार्टी के युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी हैं कि वह आपसी भाईचारा बनाकर समाज में फैली नफरत को मिटायें।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा हो गई है। कानून व्यवस्था की स्थिति बदहाल है। किसी की जान-माल सुरक्षित नहीं है। महिलाओं के प्रति अपराधों में बाढ़ आई हुई है। भाजपा समाजवादियों को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया का दुरूपयोग कर रही है। समाजवादी पार्टी के निर्दोश कार्यकर्ताओं पर फर्जी केस लगाए जा रहे है। भाजपा नफरत को बढ़ावा दे रही है। आगरा में तलवारें लहराई गयी।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा आरएसएस का एजेंडा समाज को तोड़ने और बांटने का है। इसके लिए भाजपा नए-नए कानून बनाकर महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय, भ्रष्टाचार के मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है ताकि भाजपा की नाकामी उजागर न हो। उन्होंने कहा कि हमारे नौजवानों को भाजपा की साजिशों से सावधन रहना है। जनता के बीच उजागर करना है। हमें अपनी भाषा संयत रखनी हैं अपना व्यवहार और आचरण ठीक रखना है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का मुकाबला भाजपाई एनडीए से है। पीडीए सबको साथ लेकर चलता है। पीड़ित, शोषित, वंचित, दुःखी, अपमानित सभी पीडीए है। पीडीए ही नौजवानों को नौकरी दिलाएगी। सबको उनका हक और सम्मान दिलाएगी। पीडीए की सरकार में कोई भेदभाव नहीं होगा। उन्होंने नौजवानों से कहा कि वे पीडीए की जीत और एनडीए की पराजय के लिए जी जान से जुट जाएं।

5
Default choosing

Did you like our plugin?

WhatsApp us
06:26